अयोध्या में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पूरा बाजार विकासखंड परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 93 पंजीकृत जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता रहे। इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि कन्यादान मानव जीवन का सर्वोत्तम दान है, जिसे माता-पिता अपनी पुत्री के विवाह के समय करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिनके लिए अपनी बेटियों का विवाह कर पाना कठिन होता है। इस योजना के माध्यम से सरकार ऐसे परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित दो दर्जन से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में वर-वधू को सरकार की ओर से उपहार स्वरूप दूल्हे को पैंट-शर्ट, गैस चूल्हा, बर्तन और बैग, जबकि दुल्हन को साड़ी, पायल व बिछिया भेंट आदि सामग्री दी गई। विशिष्ट अतिथि प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।