अयोध्या में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि महाशिवरात्रि रामनगरी का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान करने के बाद नागेश्वरनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि पर्व के दौरान प्रमुख घाटों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, साथ ही मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगाई जा रही है। संबंधित विभागों को साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में महाशिवरात्रि पर्व मना सकें।