अयोध्या में संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश व प्रदेश से वर्तमान सरकार को हटाना ही हमारा लक्ष्य है। पीएम मोदी ने हाल ही में अपील किया है कि सोना न खरीदें, डीजल, पेट्रोल कम प्रयोग करें। इन्होंने जो निर्देश दिए हैं, उसका पालन पहले पीएम को फिर भाजपा की सरकारों को करना चाहिए। भाजपा सरकार की नीतियों से आमजन की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा कि देश में दो बड़ी सरकारें आईं। कांग्रेस की सरकार में किसानों की कर्जमाफी की गई, अनुदान दिया गया जबकि भाजपा की सरकार में उद्योगपतियों को अनुदान दिया गया। जिन्हें अनुदान दिया पहले वे नीतियों का पालन करें। एक सवाल के जवाब में कहा कि गठबंधन होगा या नहीं यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। फिलहाल हम बूथ स्तर तक को मजबूती प्रदान करने में जुटे हैं। बंगाल चुनाव के सवाल पर कहा कि बंगाल चुनाव में ईडी, इनकम टैक्स आदि एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के खाते सीज कर दिए गए थे। 70 साल में कांग्रेस की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई जबकि मात्र 14 सालों में भाजपा की आर्थिक स्थिति कैसी है यह किसी से छिपा नहीं है।