अयोध्या में गैस सिलिंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। सोमवार को शहर की कई गैस एजेंसियों पर सिलिंडर खत्म हो जाने के कारण उपभोक्ताओं को अगले दिन आने के लिए कहा गया। एजेंसियों पर बुकिंग कराने पहुंचे लोगों के बाउचर पर 17 मार्च की तारीख लिखकर उन्हें वापस भेजा जा रहा है। रविवार को एजेंसी बंद होने से सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं। लेकिन एजेंसी संचालकों ने बताया कि रविवार को एजेंसियां बंद रहने के कारण गैस की गाड़ी नहीं आ सकी। ऐसे में जो सीमित सिलिंडर उपलब्ध थे, उन्हें पहले से बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को दे दिया गया। इसके बाद स्टॉक खत्म हो गया। एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि नई खेप आने के बाद ही सिलिंडर वितरण किया जा सकेगा। फिलहाल बुकिंग कराने आए उपभोक्ताओं को अगले दिन की तारीख देकर लौटाया जा रहा है। इससे कई लोगों को निराश होकर वापस जाना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की किल्लत के कारण घरों में रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। कई लोग लकड़ी या अन्य विकल्पों का सहारा लेने को मजबूर हैं। सुबह से लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। देवकाली बाईपास स्थित शशि गैस एजेंसी पर सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे रहे। कई घंटे इंतजार के बाद भी जब गैस सिलिंडर नहीं मिला तो उपभोक्ताओं और एजेंसी मैनेजर के बीच कहासुनी हो गई। एजेंसी के मैनेजर अनिल ने बताया कि रविवार को एजेंसी बंद होने के कारण गैस की गाड़ी नहीं आ पाई थी। जो सिलिंडर थे, उन्हें बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को दे दिया गया है। अब जब मंगलवार को गाड़ी आएगी, तभी सिलिंडर मिल पाएगा। वहीं, उपभोक्ताओं का कहना था कि यदि एजेंसी पर गैस उपलब्ध नहीं है तो इसकी सूचना पहले ही नोटिस लगाकर दे दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को धूप में घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। कई उपभोक्ताओं को बाउचर पर 16 मार्च को सिलिंडर लेने की तारीख दी गई थी, लेकिन सोमवार को एजेंसी पहुंचने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल सकी। जनौरा निवासी सलमान ने बताया कि उन्होंने एक मार्च को सिलिंडर बुक कराया था। बाउचर मिलने के बाद उन्हें 16 मार्च को गैस लेने के लिए बुलाया गया था, लेकिन एजेंसी पहुंचने पर बताया गया कि सिलिंडर खत्म हो गया है और अब अगले दिन आने को कहा जा रहा है। वहीं, जनौरा के ही अमरदीप गुप्ता ने बताया कि उनके बाउचर पर भी 16 मार्च को गैस लेने की तारीख लिखी गई थी। सुबह से लाइन में लगने के बाद भी जब नंबर आया तो कर्मचारियों ने कह दिया कि गैस खत्म हो गई है। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।