अयोध्या में फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दुकान, होटल, रेस्टोरेंट या अन्य प्रतिष्ठान पर निरीक्षण अथवा छापेमारी के दौरान अधिकारी को अपना पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त मानिकचंद्र सिंह ने बताया कि व्यापारियों और दुकानदारों को पूरा अधिकार है कि वे कार्रवाई करने पहुंचे व्यक्ति से उसकी आईडी मांगें। यदि कोई व्यक्ति पहचान पत्र दिखाने में असमर्थ रहता है या बहानेबाजी करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग से की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अराजक तत्व खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर दुकानों पर छापेमारी कर रहे थे और व्यापारियों से अवैध वसूली कर रहे थे। विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से फर्जी अधिकारियों पर रोक लगेगी।