यूपी के अयोध्या में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के चलते कुल 2,57,145 मतदाता सूची से कम हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ होने के समय जनपद में कुल 19,07,800 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद चरणबद्ध सत्यापन और संशोधन प्रक्रिया के तहत पहले चरण में मतदाताओं की संख्या घटकर 15,70,258 रह गई थी। सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद अब जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 16,50,655 मतदाता वैध पाए गए हैं। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, जनपद में 8,84,096 पुरुष मतदाता, 7,66,495 महिला मतदाता और 64 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इसे अधिकारियों ने पुनरीक्षण के दौरान अपात्र, मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाने का परिणाम बताया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की जांच के बाद पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।