अयोध्या में अमर उजाला की ओर से मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज में शनिवार को अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जयंती चौधरी ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, मासिक धर्म और पोषण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म में अत्यधिक दर्द, असामान्य रक्तस्राव या चक्र में लगातार अनियमितता होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में अभिभावकों को जानकारी देकर चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार लेने की सलाह देते हुए कहा कि शरीर के विकास और मांसपेशियों की मजबूती के लिए प्रोटीन महत्वपूर्ण है। दाल, सोयाबीन और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की बात कही। कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।