समाजवादी पार्टी-2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। इसी कड़ी में अयोध्या में पीडीए पंचायत के बाद अब समाजवादी पार्टी 20 जुलाई को पीडीए महापंचायत करने जा रही है। शनिवार को सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि पीडीए महापंचायत का स्थान और रूपरेखा तय करने के लिए 30 जून को सपा पार्टी कार्यालय पर विधानसभा क्षेत्र और ब्लॉक स्तर की एक बैठक आयोजित की गई है। उस बैठक में तय होगा कि पीडीए की महापंचायत का स्वरूप कैसा होगा और किस स्थान पर किया जाएगा। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। हर तरफ जंगल राज है। जो इन्होंने नारा दिया था बढ़ाओ बेटी पढ़ाओ बेटी यह नारा झूठा और थोथला साबित हुआ। प्रदेश में महिलाओं और बेटियों पर बहुत अपराध हुआ है। प्रदेश में कानून का राज खत्म है, जंगल का राज है। चुनाव की तैयारी को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। जब भी चुनाव हो जाए, सपा के लोग तैयार बैठे हैं। सपा के कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय में ही नहीं बल्कि जन समस्याओं को लेकर हमेशा जूझते रहते हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा विवाद निपटाने वाली नहीं विवाद बढ़ाने वाली पार्टी है। इससे विवाद को निपटाने की उम्मीद मत कीजिए। ये झगड़ा फंसाने वाले लोग हैं। बंटवारा कराने वाले लोग हैं। 2027 में सपा सरकार बनाएगी तब सब कुछ ठीक हो जाएगा।