अयोध्या में जनौरा में निर्माणाधीन नाले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। शुक्रवार को क्षेत्रवासियों ने एकत्र होकर नाले के निर्माण का विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से नाले की दिशा बदलकर उसे 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर बने नाले से जोड़ने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि वर्तमान योजना के अनुसार नाले का निर्माण होने से बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या और गंभीर हो जाएगी। क्षेत्र के कई मोहल्लों की आबादी निचले हिस्से में बसी हुई है, जिससे बारिश का पानी सीधे घरों की ओर पहुंचने का खतरा बढ़ जाएगा। स्थानीय निवासी परशुराम वर्मा ने बताया कि उनका क्षेत्र पहले से ही जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में भी कई घरों में पानी भर जाता है। ऐसे में बड़े नाले का पानी इस ओर आने से स्थिति और विकट हो जाएगी। उनका कहना है कि यदि नाले को 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर बने नाले से नहीं जोड़ा गया तो करीब 3000 घरों के प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नाले के निर्माण की योजना पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही जल निकासी की ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे आसपास के घरों और बस्तियों को नुकसान न पहुंचे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखने को मजबूर होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की गई है।