अयोध्या: परमहंस डिग्री कॉलेज, विद्याकुंड में बृहस्पतिवार को आयोजित रोजगार मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब चार हजार रिक्त पदों के लिए 2 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, सुरक्षा और सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने आवेदन लिए। कई कंपनियों ने मौके पर दस्तावेजों का सत्यापन किया, कुछ ने रिज्यूमे लेकर आगे इंटरव्यू के लिए बुलाने की बात कही। रोजगार मेले में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारकों ने भी सिक्योरिटी गार्ड समेत अन्य पदों के लिए आवेदन किया।