'जाना कहीं और था... पहुंच कहीं और गए...' ये लाइनें अयोध्या के इन वीडियो में दिख रहे लोगों के लिए ही हैं। रेलवे ट्रैक से गुजरने की इतनी भी क्या जल्दी? अयोध्या धाम स्टेशन पर प्लेटफॉर्म एक से रेलवे ट्रैक से होकर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जा रहे इन यात्रियों को न तो अपनी जान की परवाह है न अपनों की। जानबूझकर की जाने वाली इस तरह की लापरवाही करने वालों को भला कौन जागरूक कर सकता है? लोग तो अपनी जान सांसत में डालते ही रहेंगे, लेकिन रेलवे प्रशासन को भी इस तरह की चूक करने वालों से सख्ती से निपटना होगा... नहीं तो यह सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा। एक सप्ताह पूर्व डीआरएम ने निरीक्षण कर स्टेशन की तैयारियों का जायजा लिया था। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए थे कि प्लेटफॉर्म की निगरानी ज्यादा रखें, क्योंकि सावन आने वाला है और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी। गुरुवार को अयोध्या धाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कोई आरपीएफ और जीआरपी का जवान नहीं दिखा।