राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री मंगलवार को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ रामलला के दर्शन पूजन किए। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए सूचना के अधिकार पर सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि एक साल पहले जब मैं आयोग में आया था, तब विरासत में 30,000 से ज्यादा शिकायतें लंबित मिली थीं। ऑनलाइन सुनवाई करके तेजी से शिकायतों को कम किया गया है। हाईकोर्ट का भी निर्देश है कि विलंब से सूचना देने से उसका महत्व कम हो जाता है। सभी सूचनाएं विभागों को समय से देनी चाहिए। एक अभियान चलाकर सभी लंबित शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। पिछली शिकायतों का समाधान हो रहा है और नई शिकायतों को निस्तारित किया जा रहा है। बहुत ही संवेदनशीलता के साथ मानवता के साथ और अधिनियम की भावना के साथ काम हो रहा है। मेरा सभी को निर्देश रहता है कि एक्ट के अनुसार न्यूनतम समय में सूचनाएं सबको दी जाएं। सूचना प्राप्त करना लोगों का अधिकार है। अगर विभाग 30 दिन के अंदर सूचना नहीं देते हैं तो यह एक्ट का उल्लंघन है।