फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2005 में आज के दिन ही राम मंदिर पर हुआ था आतंकी हमला, बरसी पर अयोध्या में बना विशेष सुरक्षा घेरा

भूपेन्द्र सिंह Updated Sat, 05 Jul 2025 01:01 PM IST

यूपी के अयोध्या स्थित राम मंदिर पर आतंकी हमले की शनिवार को 20वीं बरसी है। आज ही के दिन पांच जुलाई 2005 को राम मंदिर पर आतंकी हमला हुआ था। उस समय रामलला टेंट में विराजमान थे। पांच आतंकियों ने पांच जुलाई 2005 को सुबह 9:10 बजे हमला किया था। लगभग दो घंटे सुरक्षा बलों ने आतंकियों को घेरे रखा और फिर मार गिराया। आतंकियों ने रॉकेट लांचर और ग्रेनेड से रामलला के अस्थायी मंदिर के तिरपाल पर भी हमला किया था लेकिन रॉकेट लांचर और ग्रेनेड नहीं फटा। जवानों की कार्रवाई में सभी पांच आतंकवादी मारे गए थे। इस कार्रवाई में दो स्थानीय निवासियो की भी मौत हो गई थी। हमले की साजिश में कश्मीर सहित अन्य जगहों के पांच आतंकियों के खिलाफ थाना राम जन्मभूमि में मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के करीब 14 वर्ष बाद इलाहाबाद की स्पेशल ट्रायल कोर्ट ने चार आतंकवादियों को आजीवन कारावास व एक आरोपी को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था। आज आतंकी हमले की 20वी बरसी है। इस मौके पर अयोध्या की सुरक्षा को और पुख्ता किया गया है। जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। रामलला अब अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।। सुरक्षा के लिहाज से राम मंदिर में एंटी ड्रोन सिस्टम लगाया गया है। राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किए जाने के क्रम में देश का छठा और उत्तर प्रदेश का पहला एनएसजी हब अयोध्या में बनने जा रहा है। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक एनएसजी कमांडो की पैठ होगी और सुरक्षा की दृष्टि से उत्तर प्रदेश और बिहार एनएसजी कमांडो की देखरेख में रहेंगे। इसी कड़ी में रामनगरी में दर्शन पूजन का दौर जारी है। वीकेंड होने के चलते अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। कहीं कोई खौफ नहीं है। हर कोई भक्तिमय माहौल में सराबोर है। वहीं, आतंकी हमले को लेकर बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि आज अयोध्या भय मुक्त है। इसकी सुरक्षा देवी देवताओं से लेकर सुरक्षा के लिए तैनात जवान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की निगाहें अयोध्या पर जमी रहती हैं। जो भी गलत इरादा लेकर अयोध्या आएगा, उसका नुकसान जरूर होगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें