बाबरपुर कस्बे के एक गेस्ट हाउस में आई बरात में मारपीट हो गई। द्वारचार में बुआ के नेग मांगने के दौरान झगड़ा हो गया। इसी दौरान दूल्हे ने बुलेट की मांग कर दी। ऐसे में विवाद बढ़ने से गुस्साए दूल्हे ने दुल्हन के रिश्तेदारों पर कटारी से हमला बोल दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कुर्सियां, लाठी-डंडे और ईंट पत्थर चल गए। मारपीट में दुल्हन के पिता समेत नौ लोग घायल हुए। बाद में बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। जगनपुर गांव निवासी अवनीश कुमार ने अपनी बेटी अभिलाषा की शादी इटावा के महेवा ब्लाॅक के गांव नगला टूटा निवासी प्रशांत के साथ तय की थी। शनिवार को कस्बे के कमला वाटिका गेस्ट हाउस में बरात आई थी। गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहे थे। रात करीब दो बजे द्वारचार के समय लड़की की बुआ के नेग मांगने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इस कदर तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों में डंडे, कुर्सियां और ईंट पत्थर चलने लगे।