माघी पूर्णमासी पर प्रयागराज में महाकुंभ को जाने वालों की खासी भीड़ रही। अनंतराम स्थित टोल प्लाजा से पांच दिनों में दो लाख से अधिक वाहन प्रयागराज की ओर गए हैं। हालांकि बुधवार को स्थितियां सामान्य देखने को मिली। टोल प्रशासन की मानें तो इन वाहनों की वापसी को लेकर सभी 20 बूथ खोल दिए गए हैं। कर्मचारियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। प्रयागराज की ओर लगातार राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात आदि राज्यों के वाहन अधिक संख्या में जा रहे हैं। पांच दिनों में दो लाख से अधिक वाहन निकले। इसके चलते जाम की स्थिति रही। सोमवार को 20 हजार और मंगलवार को 17 हजार वाहनों के निकलने से स्थिति सामान्य रही। टोल प्लाजा अनंतराम के जीएम सत्यवीर ने बताया कि भीड़ की वापसी के लिए टोल प्लाजा प्रशासन तैयारी कर चुका है। किसी भी वाहन को निकलने में असुविधा न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है।