बाह नाला पर बने पैंटून पुल का पीपा किसी ट्रैक्टर से डूब जाने के कारण दारानगर समेेत कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अफसरों को इसी सूचना दे दी है। अलीनगर और दारानगर गांव के बीच बाह नाला है। जिसे रामगंगा पोषक नहर भी कहते हैं। दारानगर समेत चार गांव गंगा और बाह नाला के टापू में बसे हैं। जिनको आने-जाने के लिए पैंटून पुल का ही रास्ता है या लोग नाव से गुजरते हैं। बुधवार रात किसी समय पैंटून पुल से कोई भारी ट्रैक्टर ट्रॉली गुजरा। जिससे पुल का एक पीपा गहरे जल में डूब गया। इस कारण पैंटून पुल दो भागों में बंट गया। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने पैंटून पुल का पीपा डूबा देखा तो हैरत में रह गए। उन्होंने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अफसरों को दी है। दारानगर के मंगत सिंह का कहना है कि उनकी सिंचाई विभाग के अफसरों से बात हुई। उन्होंने मुरादाबाद से रवाना होने की बात कही है। फिलहाल पुल का पीपा डूब जाने से दारानगर समेेत कई गांवों का संपर्क कट गया है। मुरादपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सोनू गुर्जर, जगपाल सिंंह भड़ाना ने बताया कि उनके और अलीनगर समेत कई गांवों की अधिकांश भूमि गंगा के निकट है। जिसे जाने के लिए पैंटून पुल के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। पैंटून पुल का पीपा डूब जाने सेे खेतों पर आना जाना बंद हो गया है।