जमीन में हिस्सा मांगने पर हत्यारोपी शिवराज ने अपनी नर्स बहन संयोगिता की हत्या गन्ना काटने के गंडासे से की थी। उसने पहला प्रहार सिर पर किया। इसके बाद दो वार गर्दन व चेहरे पर किए और जीवित समझ कर दुपट्टे से गला भी घोटा। सिर पर प्रहार इतना तेज था कि भीतर की हड्डी टूट गई और दिमाग भी फट गया। घटना के समय संयोगिता खाना खाए हुए थी। इससे साफ है घटना के कुछ देर पहले तक घर में सबकुछ ठीक था। इसी दौरान संयोगिता ने खाना खाया होगा। मंगलवार की दोपहर तीन डॉक्टरों के पैनल ने संयुक्त के शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, पुलिस ने हत्यारोपी श्योराज को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को यही बताया कि संयोगिता जमीन में हिस्सा मांग रही थी। घटना के समय थोड़ी सी कहासुनी हुई और गुस्से में आकर मार डाला। हत्यारोपी श्योराज को उसके हाथों बहन की हत्या होने का अफसोस है। उसका कहना है कि हत्या करना इरादा नहीं था बस गुस्से में मार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संयोगिता के सिर, चेहरे और गर्दन पर गहरी चोट के तीन निशान मिले हैं। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हत्यारोपी शिवराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और गर्दन पर धारदार हथियार के चोट के निशान मिले है। उसने संयोगिता का दुपट्टे से गला भी घोटा था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त वस्तु को बरामद करने की कोशिश की जा रही है। मामले में मां हुकुम देवी की तहरीर पर सोमवार की देर रात श्योराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई थी।