उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों ने इंस्पेक्टर व एसएसआई से मिलकर सावन माह में पुलिस की सेवा करने की इच्छा जताई। कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पीछे नहीं हटेंगे। संस्थान के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अमीपाल सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर बाद इंस्पेक्टर मनोज कुमार व एसएसआई अभिलाष प्रधान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह भले ही सेवानिवृत्त हो गए, लेकिन जनता की सेवा करने का भाव और जज्बा उनके अंदर पहले जैसा है। सावन माह की कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। वह पुलिस का तन मन धन से सहयोग करने के लिए तैयार हैं। जब भी और जहां भी उनकी जरूरत पड़े, उनको फोन कर बुला लिया जाए। वह कोई भी सहयोग करने से पीछे नहीं हटेंगे। इंस्पेक्टर व एसएसआई ने उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि सहयोग की भावना रखने वाले लोग सच्चे अर्थ में इंसान कहलाने के हकदार हैं। इस मौके पर महासचिव यशपाल सिंह, उपाध्यक्ष सतवीर सिंह, सचिव होमपाल सिंह, विजयपाल सिंह नागर, महावीर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, किरनपाल सिंह, वीर सिंह आदि मौजूद रहे।