गुरु गोविंद सिंह प्रकाश पर्व पर भव्य शोभायात्रा के आगे चल रहे युवकों ने हैरतंगेज करतब दिखाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाबी बैंडबाजे की धुन लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही थीं। इस दौरान निकाली गई गुुरु ग्रंथ साहब की पालकी पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद लिया। सतनाम सतनाम वाहे गुरु से आसमान गूंज उठा। नगर में भ्रमण के बाद देर शाम शोभायात्रा गुरुद्वारा पर संपन्न हुई। रविवार को चौपला स्थित गुरुद्वारा से गुरु गोविंद सिंह प्रकाश पर्व पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। चौपला पर स्थानीय विधायक राजीव तरारा ने शोभायात्रा में शामिल होकर गुरु गोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। चौपला से शोभायात्रा फ्लाईओवर से होकर अस्पताल सामने, इंदिरा चौक पहुंची। उसके आगे घोड़े पर सवार पंच प्यारे हाथ में तलवार लेकर चल रहे थे। उसके पीछे ट्रैक्टर ट्रॉली में सिख समुदाय के लोग शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ कमा रहे थे। इस दौरान पंजाबी बैंडबाजे की धुन लाेगों का मन मोह रही थीं। शोभायात्रा के आगे हैरतंगेज करतब दिखाकर युवकों ने दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया। गुरु ग्रंथ साहब की भव्य पालकी के आगे पंच प्यारे और उनके आगे महिलाएं रास्ते को साफ करते हुए व लोग पानी का छिड़काव करतेे चल रहे थे। इस बीच सिख समुदाय के लोगों नेे राहगीरों को पानी का वितरण कर उनकी प्यास बुझाई। लोगों को प्रसाद भी खिलाया। बस्ती समेत नगर के प्रमुख मार्गों से गुजर कर शोभायात्रा चौपला पर आकर संपन्न हुई। हरभजन सिंह, दर्शन सिंह, हरजीत सिंह, अमरजीत सिंह, संगत बेदी, गुरुचरण सिंह अजमानी, हरभजन सिंह आदि शामिल रहे। शोभायात्रा संपन्न होने पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार व चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार को सम्मानित किया गया।