गजरौला। बिजनौर बैराज से 179536 क्यूसेक पानी छोड़ने के कारण तिगरी में गंगा का जल स्तर 25 सेमी बढ़कर 290 मीटर हो गया। जो खतरे के निशान 202 मीटर से 1.10 मीटर दूर रह गया है। बाढ़ का पानी किनारे पर काफी ऊपर आ गया है। झोंपड़ियों में पानी भर गया। फसलें पानी से लबालब हैं। शाम को 4 बजे 163716 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे जल स्तर कम होने की संभावना नहीं है। शनिवार को बिजनौर बैराज से पानी छोड़ा जाने के कारण तिगरी में श्मशान स्थल डूब गया। पक्के श्मशान घाट के निकट भी बाढ़ का पानी भर गया है। शीशों वाली चकनवाला मार्ग की सड़क पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है। इसी तरह दारानगर गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। एक फीट पानी और बढ़ने पर पूरा गांव जलमग्न हो जाएगा। बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष चंद गहलौत का कहना है कि शनिवार सुबह 179536 क्यूसेक और शाम को 4 बजे 163716 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस कारण गंगा उफान पर है। पूरे इलाके में बाढ़ आ गई है। हालांकि खतरे के निशान से गंगा का जल स्तर दूर है। मगर लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इसलिए अभी जल स्तर कम होने की संभावना नहीं है।