गजरौला। स्कूल चलो अभियान की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी व विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी ने कहा कि शिक्षा ही समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला है। सभी अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने का आह्वान किया। इस दौरान छात्राओं ने शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए लघु नाटिका प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक का वितरण किया। विद्यार्थियों नेे रैली निकाल अभिभावकों से आह्वान किया कि पढ़ाई से वंचित बच्चों का नामांकन कराएं। नगर पालिका के निकट संविलियन विद्यालय में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं नेे सरस्वती वंदना और खंड शिक्षा अधिकारी आरती गुप्ता ने दीप जलाकर की। इसके बाद छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर मन मोह लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर और शिक्षा जागरूकता से संबंधित नारे लगाते चल रहे थे। हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षा का अधिकार पाए,। आओ मिलकर अलख जगाएं। हर बच्चे को स्कूल लाएं नारे से आसमान गूंज रहा था। अभिभावकों से आह्वान किया कि वह बच्चों का स्कूल में नामांकन कराएं। इस मौके पर डॉ.जितेंद्र सिंह, दीपक तोमर, आदेश कुमार, नफीस अहमद, सुभाष, अरविंद कुमार, रेखा रानी, पूर्व विधायक पुत्र प्रमोद कुमार, डॉ. पृथी सिंह, रणवीर सिंह, जयवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, डॉ.नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।