-अतरासी चौराहे पर खड़े होकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, लगा जाम फोटो संवाद न्यूज एजेंसी हसनपुर। डिजिटल रजिस्ट्री योजना के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन के द्वारा जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। सरकार के विरोध में नारेबाजी की गई। इस दौरान अतरासी चौराहा पर अधिवक्ताओं के एकत्र होने की वजह से मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। डिजिटल रजिस्ट्री योजना के विरोध में 11 जून से अधिवक्ता सब रजिस्ट्री कार्यालय पर धरने पर बैठे हैं। जिससे रोजाना 20 से 30 लाख रुपये के राजस्व को नुकसान हो रहा है। शनिवार को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह व महासचिव ब्रजकिशोर के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील में एकत्र हुए बाइकों पर सवार होकर जुलूस के रूप में अतरासी चौराहा पर पहुंचे। यहां एसडीएम को मौके पर बुलाकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम हिमांशु उपाध्याय को सौंपा गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि जबतक डिजिटल रजिस्ट्री योजना को वापस नहीं लिया जाता, तबतक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व बार अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी, महीपाल सिंह, महावीर सिंह, गंगासरन खड़गवंशी, वीर सिंह त्यागी, सुरेशचंद्र सैनी, शेर सिंह भड़ाना, संजय चौहान, मंगलसैन शर्मा, मेघराज सिंह, नासिर अली आदि रहे। अतरासी चौराहे पर अधिवक्ताओं के जमा होने से जाम लग गया। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।