गजरौला। भगवान भोले की भक्ति में रंगे कांवड़िए हर-हर बम बम के जयघोष संग मंजिल तय कर रहे हैं। जत्थे में शामिल कांवड़िए फौज और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं। इनमें एक कांवड़िया अपनेे भाई की नौकरी लगने की कामना को लेकर हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल ला रहे हैं। भगवान शिव को अति प्रिय सावन में कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार और ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल लेकर आ रहे हैं। वह अपने निकट के मंदिर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। सभी मार्ग कांवड़ियों सेे भर गए हैं। कुमराला चौकी के पीछे से गुजर रहे जत्थे में 8 कांवड़िए शामिल थे। यह जत्था बुलंदशहर के स्याना के लोगों सराय गांव का है। इसमें शामिल चिराग लोधी राजपूत, अरुण राजपूत खुद आर्मी की तैयारी कर रहे हैं, जबकि जतिन राजपूत के भाई आर्मी में भर्ती होने के लिए पसीना बहा रहे हैं। जतिन अपने भाई के लिए कांवड़ ला रहे हैं। उत्तम राजपूत डॉक्टरी सीख रहे हैं और हिमांशु बुलंदशहर के निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहे हैं। इनके जत्थे में शामिल कांवड़ियों आशव कुमार, धर्मेंद्र सिंह और मुकुल का कहना है कि वह 29 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल लेकर रवाना हुए। 11 अगस्त को आहार कस्बा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक करेंगे।