मध्यगंगा नहर में नहाते समय डूबने वाले तीन दोस्तों के शव शुक्रवार सुबह घटनास्थल से बरामद कर लिए गए। तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बृहस्पतिवार को नहाते समय चार दोस्त डूब गए थे। एक युवक को सकुशल बचा लिया गया था लेकिन तीन लापता हो गए थे। गोताखोरों रातभर उनकी तलाश में लगे रहे। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव जीहल निवासी नदीम (18) पुत्र चांद खां, नवाजिश (19) पुत्र वाहिद, उस्मान (20) पुत्र बुंदू और शारिक पुत्र खुर्शीद चारों दोस्त थे। गांव के नजदीक से मध्यगंगा नहर गुजर रही है। चारों दोस्त नहर में स्नान के लिए चले गए थे। नहाते समय अचानक चारों दोस्त डूबने लगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने किसी तरह से शारिक को सकुशल बाहर निकाल लिया था।