तिगरी गंगा मेले में दलदल वाले स्थानों पर सड़क पर बिछाने के लिए प्रयागराज से मंगाईं 2088 चक्र प्लेट पीडब्ल्यूडी के गोदाम परिसर में धूल फांक रही हैं। उनको प्रयागराज से मंगाने के बाद मेला स्थल पर लगाने की बजाय गोदाम परिसर में रखवा दिया। कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं के साथ सुविधाओं मुहैया कराने में किस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है, इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है। बीते दिनों गंगा की बाढ़ में पहाड़ी क्षेत्रों से आई मिट्टी खेतों में बिछ गई। इस कारण मेला स्थल पर दलदल बन गई। सेक्टर दस से 21 तक बनी मुख्य सड़क में पानी निकल आता था। कीचड़ युक्त और नालियों में तब्दील हुई सड़क में श्रद्धालुओं के वाहन फंसते रहे। कई सेक्टर में श्रद्धालुओं को अपने शिविर लगाने के लिए रेत लाकर डालना पड़ा। मेले में सड़क पर बन रही दलदल में श्रद्धालुओं के वाहन न फंस जाएं, इसके लिए लोक निर्माण विभाग को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उसने प्रयागराज से लोहे की चादरनुमा 2088 चक्र प्लेट मंगाईं। एक प्लेट तीन से चार फीट चौड़ी होती है। उसकी लंबाई 15 से 20 फीट तक होती है। इसके दलदल वाले स्थानों पर बिछ जाने पर वाहन नहीं फंसते। मगर श्रद्धालुओं की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। मेले में श्रद्धालुओं के वाहन फंसते रहे और चादरनुमा लोहे की चक्र प्लेट लोक निर्माण विभाग के गजरौला स्थित गोदाम परिसर की शोभा बढ़ा रही हैं। गंगा मेले में जिस स्थान पर बिछाने के लिए प्रयागराज से मंगाया गया था, उन स्थानों पर रेत डाल दिया गया। इस कारण चादर बिछाने की जरूरत नहीं रही: गौरव रंजन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड जोया।