अमेठी जिले के भादर रामगंज क्षेत्र के शिवपुर मवैया गांव में सोमवार दोपहर प्रेम विवाहिता प्रतिभा बनवासी (24) की उसके पति ऋषि वर्मा ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। मृतका की तीन साल की बेटी भी है। घटना के समय पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी, जिससे पति नाराज था। पति ने इसी बात को लेकर विवाद के बाद ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पति मौके पर ही मौजूद रहा और बाद में पुलिस ने उसे कुल्हाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर अपने जुर्म की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक अमेठी मनोज कुमार मिश्रा और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।