जगदीशपुर। विकास क्षेत्र के प्रेमगढ़ गांव में हैदरगढ़ चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति के लिए संचालित रानीगंज क्रय केंद्र पर घटतौली का गंभीर आरोप सामने आया है। किसानों ने धर्मकांटे के नीचे ‘जग’ लगाकर कम तौल करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को जमकर हंगामा किया और जिम्मेदार अधिकारी के आने तक तौल कार्य बंद करा दिया। सोमवार को अलीनगर गांव निवासी किसान प्रदीप कुमार सिंह दो ट्राली गन्ना लेकर क्रय केंद्र पहुंचे। पहली ट्राली की तौल 39.65 कुंतल बताई गई, जबकि दूसरी ट्राली का वजन 32.65 कुंतल दर्ज किया गया। संदेह होने पर उन्होंने दूसरी ट्राली को पास स्थित एक निजी धर्मकांटे पर दोबारा तौल कराया, जहां वजन 39.65 कुंतल निकला। इसके बाद वह तौल पर्ची लेकर क्रय केंद्र पहुंचे और जांच की तो कांटे के नीचे ‘जग’ लगा मिला। यह देख किसानों में आक्रोश फैल गया। अलीनगर के ही किसान प्रभात कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि वह अब तक आठ ट्राली गन्ना तौल करा चुके हैं, जिसमें करीब 56 कुंतल की घटतौली हुई है। उनका कहना है कि इससे उन्हें लगभग 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ, जबकि प्रदीप कुमार सिंह को करीब 20 हजार रुपये की क्षति हुई है। अन्य किसानों ने भी घटतौली की आशंका जताई है। क्रय केंद्र पर मौजूद तौल लिपिक रंजीत कुमार (निवासी हेलवा चरकौला, बस्ती) ने कांटे में ‘जग’ लगे होने की बात स्वीकार की, हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार 4 फरवरी से अब तक करीब 800 कुंतल गन्ने की तौल की जा चुकी है। किसानों ने मामले की मौखिक शिकायत तहसील प्रशासन से की है। इस संबंध में राहुल सिंह, तहसीलदार मुसाफिरखाना, ने बताया कि अभी उन्हें औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहें है।