1573 परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत 1.32 लाख बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन प्रथम पाली में हिंदी और द्वितीय पाली में कला व संगीत विषय की परीक्षा आयोजित हुई। बच्चों ने बताया कि पेपर सरल आया है। पहली पाली में हिंदी की परीक्षा देकर निकली कंपोजिट विद्यालय अमेठी कक्षा आठ की छात्रा प्राची गुप्ता ने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा कराया गया है। पेपर आसान था और सभी प्रश्न हल कर दिए। 90 फीसदी अंक मिलेंगे। छात्रा रितिका शर्मा, एहतमा फारुकी ने भी परीक्षा को सरल बताया। कहा कि पाठ्यक्रम से ही प्रश्न आएं है। कक्षा सात की छात्रा अनन्या चौरसिया व अनन्या गुप्ता ने बताया कि सभी विषयों मेें से हिंदी का प्रश्नपत्र सबसे सरल आया है। कक्षा छह की छात्रा आंचल ने बताया कि शिक्षकों ने जो पढ़ाया है उसी में से प्रश्न आए हैं। प्रधानाध्यापक गीता ओझा ने बताया कि 220 बच्चे पंजीकृत है। बच्चों की शतप्रशित उपस्थिति है। कंपोजिट विद्यालय पश्चिम दुआरा में दूसरी पाली की कला विषय परीक्षा में छात्रों का उत्साह देखने को मिला। छात्रा सुमन ने कहा कि उन्होंने पूरे मन से चित्र बनाए। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि सभी परिषदीय विद्यालयों में अंतिम दिन वार्षिक परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुई।