उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शुरू हुई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सेकेंड चेकिंग कराई गई। प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष तक जाने की अनुमति दी गई। बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को निर्धारित कक्षों में भेजा गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा नियामक प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। समयबद्ध प्रवेश व्यवस्था के चलते परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचना पड़ा। शुक्रवार को दोनों पालियों में जिले के 12 केंद्रों पर कुल 9,216 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिवसीय परीक्षा के दौरान जिले में 23 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शांतिपूर्वक शुरू हुई ।