बाजार शुकुल मे बिहार के भरत तिवारी के पुलिस एनकाउंटर के विरोध में बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पांडेगंज में एकत्र हुए और घटना के विरोध में हाथों में मोमबत्तियां लेकर मार्च निकाला। कैंडल मार्च मुख्य मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और घटना की सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मामले में कानून और न्यायिक प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। यदि कहीं कोई अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। अंबेडकर चौराहे पर आयोजित सभा में लोगों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय दिलाने की मांग दोहराई। कार्यक्रम में अखिलेश शुक्ल, राजेंद्र मिश्रा, हरिकेश तिवारी, मजीद अहमद, मयंक शुक्ल, बब्बन द्विवेदी, दीपक पाठक, राजकुमार शुक्ल, सुरेश श्रीवास्तव, विनोद मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।