अमेठी में परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को दोनों पालियों में अलग-अलग विषयों का मूल्यांकन हुआ। पहली पाली में कक्षा दो व तीन में गणित, चार, पांच, छह में हिंदी तथा सात व आठ में विज्ञान की परीक्षा संपन्न हुई। दूसरी पाली संस्कृत विषय का प्रश्नपत्र कक्षा तीन से आठ तक लागू रहा। संस्कृत के वयंम् एकवचन-बहुवचन से संबंधित प्रश्नों ने कई छात्रों को उलझन में डाला। हिंदी में अपेक्षित सहजता रही, पर विज्ञान में कुछ सवालों ने विद्यार्थियों को सोचना पड़ा। गौरीगंज स्थित पीएम श्री मॉडल स्कूल में परीक्षार्थियों के अनुभव मिश्रित रहे। कक्षा छह के सूरज ने कहा कि संस्कृत प्रश्नपत्र अपेक्षा से कठिन रहा। कुछ प्रश्नों की तैयारी होने पर भी उत्तर याद नहीं आ पाए। कक्षा सात की सजना यादव ने बताया कि प्रश्न हल करते समय का अंदाजा ही नहीं रहा। कक्षा आठ के अर्पित ने विज्ञान प्रश्नपत्र को संतुलित बताया, पर संस्कृत के व्याकरण आधारित सवाल जटिल लगे। वहीं, कक्षा आठ के प्रिंस का कहना था कि हिंदी पेपर सरल रहा, केवल निबंध व पत्र लेखन में विचार एकत्र करने में समय लगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूल्यांकन शांत वातावरण में संपन्न हुआ। अब कॉपियों की जांच प्रारंभ होगी और परिणाम अभिभावकों से साझा किया जाएगा। बीईओ ने कहा कि मूल्यांकन से छात्रों की क्षमता व कमियों का पता चलेगा, जिससे उन्हें निपुणता की दिशा में आगे बढ़ाने की योजना लागू की जाएगी।