यूपी के अमेठी में रेभा व बारामासी सहित आसपास के लोगों को लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पार करने में हो रही परेशानी महज दो माह में समाप्त हो जाएगी। दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण कार्य प्रगति पर है। शुक्रवार को छह घंटे का ब्लॉक लेकर क्रासिंग पर बॉक्स शिफ्टिंग का काम पूरा हुआ। अंडरपास निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिलेगी तो सुरक्षित ढंग से रेल ट्रैक पार करने की सुविधा भी मिलेगी। रेभा व बारामासी गांव के आसपास 40 गांव के करीब 50 हजार की आबादी के लिए राहत भरी खबर है। शुक्रवार को दोनों रेलवे क्रासिंग के नीचे आरसी बॉक्स डाल दिए गए हैं। रेभा अंडर पास बनने से जयरामपुर, रेभा, मनीरामपुर, मंधरपट्टी, महसो, गंगौली, चचकापुर, बिराहिनपुर, रामदयपुर सहित करीब 20 गांव के ग्रामीणों की उम्मीद को उस समय पंख लग गए। जब, शुक्रवार को रेल विभाग के कर्मी बड़ी-बड़ी मशीनें लेकर मौके पर पहुंचे। एक सप्ताह पहले बने आरसी बॉक्स को रेलवे लाइन काटकर शिफ्ट करने लगे। इसके साथ ही गौरीगंज मार्ग स्थित बारामासी बाजार से कोरारी गिरधर शाह सड़क मार्ग पर दो इंटर कॉलेज, कई प्राथमिक विद्यालय पड़ते हैं। अंडरपास निर्माण से करीब 20 गांव की एक लाख की आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जब क्रासिंग पर बॉक्स शिफ्ट होता देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।