होली के बाद रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। देर रात तक पड़ी भीषण गर्मी के बाद सुबह जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से जहां कई फसलों को नुकसान होगा तो कई फसलों को फायदा भी होगा। फिलहाल बारिश के बाद भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम में बदलाव का फसलों पर मिला-जुला प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। किसान कृपा शंकर ने बताया कि मौसम में बदलाव से जहां गेहूं की फसल को फायदा होने की उम्मीद है, वहीं सरसों, चना और मटर जैसी रबी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। जानकारों का कहना है कि यदि इस दौरान हल्की बारिश होती है तो आम की फसल को भी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इससे किसानों को आर्थिक क्षति होने की आशंका है। किसान बृज किशोर और सरयू प्रसाद ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए यह मौसम लाभदायक हो सकता है लेकिन सरसों और चना जैसी फसलें अधिक नमी सहन नहीं कर पातीं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान वसंत सरोज ने बताया, "हमारी सरसों की फसल कट चुकी है और अब उसे पीटने का समय आ गया है। अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे फसल भीगने लगी है। अगर यह बारिश जारी रही, तो हमारी मेहनत पर पानी फिर सकता है।"