अमेठी में रविवार सुबह तेज रफ्तार डंपर दुर्गन भवानी प्रवेश द्वार से टकरा गया। इससे गेट ढह गया। मलबे में दबकर मजूदरी करने जा रहे युवक की मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घटना शाहगढ़ क्षेत्र के मुसाफिरखाना-मुंशीगंज मार्ग स्थित रामशाहपुर गांव के पास की है। गांव निवासी बुद्धराम (27) सुबह बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी समय डंपर की टक्कर से गेट ढह गया। बुद्धराम मलबे में दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे मलबे निकालकर आनन फानन सीएचसी पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत किया। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। बद्धराम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अभी दो वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। आठ माह की बेटी सृष्टि हैं। माता बड़का का रो रोकर बुरा हाल हैं।