अमेठी में एक बालिका शुक्रवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गई। बालिका की चप्पल तालाब किनारे मिलने के बाद परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब में गोताखोरों की मदद से तलाश करते हुए कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। जायस थानाक्षेत्र के चौधाराना मोहल्ला निवासी पप्पू कसौधन की आठ वर्षीय पुत्री प्रतिज्ञा शुक्रवार दोपहर बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गई। बालिका के लापता होने के बाद परिजन तलाश कर रहे थे कि मोहल्ले के पास स्थित तालाब के पास प्रतिज्ञा की चप्पल मिली। इसके बाद उसके तालाब में डूबने की संभावना जाहिर करते हुए परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तालाब में जाल डालवाते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुट गई। हालाकि तालाब में डूबने की अधिकृत पुष्टि नहीं होने पर पुलिस कस्बे में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी बालिका की तलाश में जुटी है। प्रभारी एसओ शस्त्रजीत ने बताया कि बालिका के लापता होने की जानकारी मिली है। तालाब में डूबने की संभावना होने पर नाव की मदद से तलाश करवाने संग अन्य माध्यमों से तलाश की जा रही है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक बालिका का पता नहीं चल सका है। बालिका के लापता होने से परिजन गमगीन है तो अन्य लोग तलाश में पुलिस की मदद करने में जुटे है।