अमेठी में जनगणना के पहले चरण में मकान गणना के दूसरे दिन करीब 70 फीसदी से अधिक प्रगणकों ने गांवों का सर्वे का घर-घर पहुंचकर मकानों की गणना की। साथ ही एचएलओ एप के जरिये पूछे गए 33 बिंदुओं की जानकारी दर्ज की। वहीं अफसरों ने निरीक्षण कर प्रगणकों की समस्याओं को सुलझाने के साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सहयोग की अपील की। जनगणना 2027 के तहत 21 मई तक स्वगणना का कार्य चला। अब शुरू हुए मकान गणना के दूसरे दिन शनिवार को प्रगणकों में उत्साह दिखा। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रगणक सुबह छह बजे से ही अपने कार्य स्थल पर पहुंच सर्वें संग मकान गणना का कार्य किया। तहसील अमेठी के सोमपुर मनकंठ गांव में मिले प्रगणक सत्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि मकानों की गणना में कोई त्रुटि न हो इसके लिए जो नजरी और सेटेलाइट नक्शा मिला है उसके अनुसार गांव के दक्षिण दिशा की ओर से मकान गणना का कार्य शुरू किया है। बताया कि पहले मकानों की नंबरिंग की जा रही है। अब तक 100 मकानों की गणना कर ली है। वहीं, गौरीगंज के आनापुर में करीब 12 बजे मिले राहुल देव ने बताया कि पूरे गांव का सर्वे कर मैप बनाने संग गणना का कार्य अभी किया जा रहा है। मकानों पर नंबर भी अंकित करने और मुखिया का नाम दर्ज कर रहे हैं। इसी बीच यहां पर तहसीलदार सूरज प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणक से बात की और उनकी शंकाओं व समस्या का निस्तारण किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से बात करते हुए जनगणना के विषय में जानकारी दी। बताया कि जनगणना के आधार पर लोगों के लिए सरकार की ओर से योजनाओं संग अन्य रणनीति तैयार कर लाभांवित किया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रगणकों का सहयोग करने और एप पर भरते समय मांगी गई 33 बिंदुओं की सही जानकारी दें, जिससे कोई त्रुटि न हो। प्रत्येक प्रगणक को करीब 150 से 200 भवनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीएम ज्योति सिंह ने बताया कि जनगणना से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।