अमेठी में निहालगढ़ की ऐतिहासिक रामलीला में इस वर्ष कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। रावण, हनुमान, मंथरा और सीता जैसे प्रमुख पात्रों की जिम्मेदारी इस बार नए कलाकारों को दी गई है। दशकों से चली आ रही परंपरा अब नई पीढ़ी के कंधों पर सौंपी गई है। 26 सितंबर को राम बारात का आयोजन होगा। 27 सितंबर से रामलीला मंचन प्रारंभ किया जाएगा। 41 वर्षों से मंचन का निर्देशन करने वाले बर्तन व्यवसायी कृष्ण मुरारी कौशल ने बताया कि प्रभु श्रीराम के बाल रूप में 15 वर्षीय छात्र वीर कौशल मंच पर उतरेंगे। फुलवारी प्रसंग से लेकर रावण वध तक राम की भूमिका सर्राफ व्यवसायी अमित कौशल निभाएंगे। महाराज राम और मामा मारीच के किरदार स्वयं कृष्ण मुरारी कौशल करेंगे, जबकि नारद, दशरथ और धोबी की भूमिकाएं धीरज कौशल निभाएंगे। लक्ष्मण का अभिनय तीन कलाकारों में विभाजित है। बाल रूप में विराट कश्यप, युवावस्था में अंकित कौशल और अंतिम चरण में संजीत सोनी नजर आएंगे। माता सीता की भूमिका लंबे समय से कर रहे बेलखरिया निवासी शुभम शाहू इस बार नौकरी की व्यस्तता के कारण अनुपस्थित रहेंगे। उनकी जगह संजीत सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रावण का किरदार बीते दो दशक से निभा रहे परिक्रमा यादव ने पिछले वर्ष अभिनय छोड़ दिया था। इस बार सोनू मौर्या रावण का रूप धारण करेंगे, जबकि सीता हरण प्रसंग में कृष्ण मुरारी कौशल भी रावण की भूमिका में दिखेंगे।