यूपी के अमेठी में शुक्रवार की रात कमरे में मोबाइल चार्जिंग पर लगाने को लेकर देवर का भाभी से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई को जमकर पीटा। इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। घटना संग्रामपुर क्षेत्र के खौपुर बुजुर्ग गांव के बड़मानुष टोला की है। रात करीब 10 बजे नशे में धुत बड़े भाई मनीराम ने लोहे की पाइप से छोटे भाई शनि (30) पर हमला कर दिया। उसे पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। वह घायल अवस्था में करीब तीन घंटे तक पड़ा-पड़ा जिंदगी और मौत सो जूझता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां से ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले से शनि ने दम तोड़ दिया। शनिवार आधी रात करीब 2 बजे मनीराम एंबुलेंस से शव लेकर गांव पहुंचा। शव को घर में छोड़कर पत्नी को लेकर फरार हो गया। जानकारी मिली तो घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घरवालों से बात करके घटना की जानकारी ली।