अमेठी में यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा की पहली पाली समाप्त होने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्न पत्र को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने पेपर को सरल बताया तो किसी ने इसे मध्यम या थोड़ा कठिन माना। कुल मिलाकर अभ्यर्थियों के अनुभव मिले-जुले रहे। जिला मुख्यालय स्थित रनजय इंटर कॉलेज केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकली हरिहरपुर की परीक्षार्थी पूजा वर्मा ने बताया कि उनका पेपर अच्छा गया है और उन्हें चयन की उम्मीद है। वहीं सुल्तानपुर के मोहम्मद सलमान ने सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को काफी आसान बताते हुए कहा कि पेपर ठीक रहा। धनपतगंज की सीरियल जायसवाल ने बताया कि इतिहास के प्रश्नों में थोड़ी कठिनाई हुई, लेकिन कुल मिलाकर पेपर संतोषजनक रहा। सुल्तानपुर के पीएम जायसवाल ने कहा कि करेंट अफेयर्स से अधिक प्रश्न पूछे गए, जो आसान थे। वहीं शाहनूर हाशमी ने पेपर को थोड़ा कठिन बताते हुए कहा कि परिणाम कटऑफ पर निर्भर करेगा। मंगल गुप्ता ने पेपर को न ज्यादा कठिन और न ही ज्यादा आसान बताया। उन्होंने कहा कि उनका यूपीएसआई में चयन हो चुका है और इस परीक्षा में भी उम्मीद बनी हुई है। दिनेश कुमार के अनुसार पेपर सिलेबस के अनुरूप था, जिससे ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।