भारत मंडपम में इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ सिंह का नाम भी सामने आया है। सौरभ मूल रूप से अमेठी में मुंशीगंज थाना के सेवई हेमगढ़ के रहने वाले हैं। उनकी तलाश में रविवार को दिल्ली पुलिस करीब तीन घंटे तक उनके घर में डटी रही। पहले घरवालों से, और फिर नाते रिश्तेदारों से उनके बारे में जानकारी की। सौरभ का पता नहीं चलने पर दिल्ली पुलिस वापस लौट गई। सोमवार को एलआईयू की टीम भी कांग्रेस कार्यालय में सौरभ को खोजती नजर आई। वहीं महाकालेश्वर दर्शन के लिए निकले एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी को दिल्ली में रोक लिया गया है। वह अपने दोस्त से मिलने गए थे। वहीं से उन्हें उज्जैन निकलना था। 22 फरवरी से दिल्ली क्राइम ब्रांच उनसे पूछताछ कर रही है। इन दोनों पदाधिकारियों के बाबत कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि सौरभ और सुमित यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। सौरभ ने विरोध प्रदर्शन करके कोई अपराध नहीं किया। इन दोनों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। भारत लोकतांत्रिक देश है और यहां सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है।