फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, तपिश और उमस से बेहाल हुए लोग

अमेठी में गर्मी ने फिर एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। तेज धूप और उमस के बीच गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी। दोपहर के समय प्रमुख बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण खेती-किसानी के कार्यों पर भी असर दिखाई पड़ा। गौरीगंज निवासी किसान रामलखन ने बताया कि धूप इतनी तेज है कि खेत में लगातार काम करना मुश्किल हो गया है। सुबह और शाम के समय ही खेती का काम करना पड़ रहा है। वहीं टिकरिया के किसान राजेश सिंह ने कहा कि उमस बढ़ने से श्रमिकों को खेत में रोक पाना कठिन हो रहा है। शहर के व्यापारी अशोक गुप्ता ने बताया कि दोपहर में ग्राहक बहुत कम निकल रहे हैं, जिससे बिक्री प्रभावित हुई है। अमेठी बाजार के कपड़ा व्यापारी आनंद बरनवाल ने कहा कि सुबह और शाम को ही कुछ रौनक दिखाई देती है, जबकि दोपहर में कोई भी ग्राहक नहीं दिखता। चौक बाजार में मिले राहगीर विनोद कुमार ने बताया कि कुछ मिनट धूप में खड़े रहना भी मुश्किल हो पा रहा है। वहीं छात्रा पूजा वर्मा ने कहा कि गर्मी और उमस के कारण घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है और बार-बार पानी पीना पड़ रहा है। गौरीगंज शहर ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों के साथ शरबत वितरण के लिए लगे स्टालों पर लोग अपना गला तर करते नजर आए। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस का असर फसलों के साथ पशुओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेतों में सुबह और शाम सिंचाई करें, नमी संरक्षण पर ध्यान दें तथा पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था रखें। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमर नाथ मिश्र ने कहा कि आगामी 24 घंटे में बादल छाए रहने लेकिन बारिश नहीं होने की संभावना है। हालांकि अभी गर्मी से राहत नहीं मिलने के आसार हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें