अमेठी में मुसाफिरखाना थाना पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी और गैंगस्टर आरोपी भीखीपुर गांव निवासी रोशन अहमद को उसके साथी गल्लामंडी निवासी आकाश गुप्ता के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद हुई हैं। एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत इंस्पेक्टर विवेक सिंह शनिवार रात मंगलम इंटर कॉलेज अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर जिलों से बाइक चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस बाइक से दोनों पकड़े गए, वह करीब तीन माह पहले कामाख्या इंटर कॉलेज सांगीपुर प्रतापगढ़ से चोरी की गई थी। उनकी निशानदेही पर पब्लिक हॉस्पिटल के पास खंडहर से तीन अन्य चोरी की बाइक बरामद हुईं। इनमें एक अपाचे बाइक करीब 50 दिन पहले सुल्तानपुर कचहरी से, दूसरी स्प्लेंडर बाइक 16 दिन पहले अलीगंज बाजार थाना बंधुआ कला क्षेत्र से और तीसरी बाइक दो माह पहले राजापुर बाजार थाना कुड़वार सुल्तानपुर से चोरी की गई थी। बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।