अमेठी में जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में अब आंखों के जटिल ऑपरेशन और अधिक आसान और सुरक्षित हो सकेंगे। अस्पताल को करीब 20 लाख रुपये की अत्याधुनिक सर्जिकल ऑप्थेलमिक माइक्रोस्कोप मशीन मिली है, जिसे जल्द स्थापित कर मरीजों के इलाज में इस्तेमाल शुरू किया जाएगा। नई मशीन लगने से मोतियाबिंद समेत आंखों की 15 से अधिक प्रकार की सर्जरी बेहतर तरीके से हो सकेगी। जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में तीन विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात हैं। इनमें डॉ. राजीव वैश्य और डॉ. कुमुद सिंह फेको सर्जरी में प्रशिक्षित हैं। हालांकि अब तक अस्पताल में केवल पुरानी माइक्रोस्कोप मशीन के सहारे ऑपरेशन किए जा रहे थे। कई बार मशीन में खराबी आने और शिविरों के दौरान मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अस्पताल प्रशासन ने शासन से आधुनिक माइक्रोस्कोप और फेको मशीन की मांग की थी। शासन की ओर से माइक्रोस्कोप मशीन उपलब्ध करा दी गई है। नई मशीन लगने के बाद ऑपरेशन की गुणवत्ता बेहतर होगी और मरीजों को निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि मशीन को इंस्टॉल कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रयास है कि मंगलवार से नई मशीन के जरिए इलाज शुरू करा दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस मशीन से मोतियाबिंद, भेंगापन, पलक की सर्जरी, नाखूना और नासूर जैसी कई जटिल सर्जरी आसानी से हो सकेंगी। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमुद सिंह ने बताया कि फेकोइमल्सीफिकेशन मोतियाबिंद के इलाज की आधुनिक तकनीक है। इसमें बड़ा चीरा या टांका नहीं लगता और मरीज जल्दी स्वस्थ हो जाता है। फेको मशीन मिलने के बाद मरीजों को और अधिक राहत मिलेगी तथा ऑपरेशन के तुरंत बाद घर लौटना भी संभव होगा।