राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' फिलहाल सुर्खियां खूब बटोर रही है लेकिन असली सवाल अभी भी वही है कि क्या राहुल इस यात्रा के जरिए पार्टी में फिर से जान फूंक पाएंगे? 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की असली परीक्षा इसी साल हिमाचल प्रदेश और गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में होगी। इसके अगले साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की इस यात्रा का मकसद सिर्फ भाजपा को चुनौती देना नहीं खुद का अस्तित्व बचाना भी है।यात्रा में शामिल कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं का दावा है कि भारत जोड़ो यात्रा पार्टी के लिए एक संजीवनी का काम करेंगी और आने वाले दिनों में इसका नतीजा साफ दिखेगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को कांग्रेस के देश की सत्ता में वापसी के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इसके लिए पार्टी निचले स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच एकता का मंत्र फूंकने की कोशिश करती दिख रही है।