अंबेडकरनगर। वन डिस्ट्रिक्ट वन वेटलैंड में चयनित भदौना वेटलैंड वन विभाग के संरक्षण के प्रयासों से संवर रहा है। यहां देसी-विदेशी पक्षियों की वापसी हो रही है। झील में एक दर्जन प्रजातियों के पक्षी दिखाई पड़ने लगे हैं। हालांकि, अभी यहां कई और काम कराए जाने की जरूरत है। पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मुख्य मार्ग से ताल तक सड़क निर्माण से लेकर ताल की सफाई जैसे कार्य कराए जाने प्रस्तावित हैं। जिला मुख्यालय अकबरपुर के बनगांव मार्ग पर करीब 17 किलोमीटर पर मौरापारा गांव में स्थित भदौना झील करीब 43 हेक्टेयर में फैला हुआ है। यहां पक्षियों की मीठी, सुरीली आवाजें सुबह-शाम प्रकृति को जीवंत करती नजर आती है। इस झील में सारस, मोरहेन समेत कई तरह के पक्षी कलरव कर रहे हैं। वन डिस्ट्रिक्ट, वन वेटलैंड के रूप में चयनित इस झील के विकास के लिए शासन नने करीब 40 लाख रुपये का बजट जारी किया था, जिससे यहां झील के पश्चिमी छोर पर इंटरलॉकिंग पाथवे बनाया गया है। आगंतुकों के बैठने के लिए स्थान बनाया गया है, जहां से लोग पक्षियों का कलरव देख सकेंगे। इसके साथ ही वाच टॉवर, प्रवेश द्वार और शौचालय का निर्माण भी हुआ है। झील के एक ओर बांस से रेलिंग भी बनाई गई है। परिसर की सफाई के लिए तीन कर्मियों को लगाया गया है।