अहिरैली इलाके में प्रेमिका से कोर्ट मैरिज के बावजूद साथ न रह पाने से आहत युवक बिजली के टॉवर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद युवक शादी का आश्वासन मिलने पर नीचे उतरा। अहिरौली इलाके में बिकवाजीतपुर भगौला गांव में बुधवार को इंदर बिजली के हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। इंदर ने पड़ोस के गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था और उसके पास कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट भी है। परिवार के लोगों ने जानकारी होने पर दोनों को धूमधाम से शादी करने के लिए वापस बुला लिया था। हालांकि इसमें काफी समय लग रहा था। युवक को डर था कि युवती की शादी कहीं और न हो जाए। इसके चलते वह युवती के साथ नहीं रह पा रहा था। मामले की जानकारी लगते ही कई गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। युवती के अलावा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवती, ग्रामीणों व पुलिस ने इंदर को नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। ऊंचाई अधिक होने के कारण लाइडस्पीकर के जरिए युवक को उतारने के लिए मान-मनौवल किया जाता रहा। इसके बाद भी करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। काफी समझाने के बाद और शादी का आश्वासन मिलने पर युवक मान गया। इसके बाद नीचे उतर आया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। युवक और युवती के परिजनों को समझा दिया गया है।