राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के चाडीपुर कला गांव के ग्रामीणों ने रविवार को खराब सड़कों के लिए विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए गांव के बाहर जहांगीरगंज-कम्हरिया मुख्य मार्ग पर बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के दशकों बाद भी गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं बनी। सुबह करीब 09:30 बजे ग्रामीण एकत्र होकर परतुर बाजार से चाडीपुर गांव जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। उन्होंने मुख्य मार्ग पर बैनर लगाकर जमकर नारेबाजी की और सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की दुर्दशा के कारण गांव का जीवन ठहर सा गया है। छोटे बच्चे कीचड़ भरे गड्ढों से होकर स्कूल जाते हैं, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को मंदिर तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।