सीएमओ कार्यालय के पास बुधवार को आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ष 2024 से अब तक के बकाया भुगतान को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लंबे समय से कई मदों का भुगतान लंबित है। इससे उनके सामने आर्थिक समस्या खड़ी हो रही है। भुगतान और पारदर्शिता की मांग जिलाध्यक्ष ऊषा पटेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कई मांगें रखी गईं। इसमें आभा कार्ड, जननी सुरक्षा योजना और नसबंदी से जुड़े भुगतान को जल्द जारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा एचबीवाईसी प्रशिक्षण का भुगतान और लंबित प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने की बात कही गई। कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि राज्य से मिले बजट और खर्च का विवरण सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सार्वजनिक किया जाए। आरोप लगाया गया कि कुछ जगहों पर तय मानक से कम भुगतान किया जा रहा है। इसे रोकने और हर महीने भुगतान की जांच कराने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।