अंबेडकरनगर। अकबरपुर में सोमवार दोपहर टांडा रोड स्थित लोहिया भवन सभागार के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारेखाली प्लाट में रखे ज्वलनशील पदार्थ में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। करीब डेढ़ बजे के आसपास 10 से 12 फिट तक ऊंची लपटें उठने लगीं। तपिश इतनी तेज थी कि आसपास के घरों तक पहुंचने लगी। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार देख राहगीर भी मौके पर पहुंचने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने में जुट गए लेकिन पानी छिड़कने पर लपटें तेज होने लगी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।