आलापुर तहसील क्षेत्र के मांझा कम्हरिया गांव में सरयू नदी की कटान से लगभग 250 परिवारों के उजड़ने के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों का प्रदर्शन कांग्रेस की अगुआई में लगातार तीसरे दिन जारी है। बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव व ग्रामीणों ने सरयू में उतर कर जल सत्याग्रह शुरू किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव की अगुआई में बीते सोमवार को मांझा कम्हरिया के ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू किया था। इस दौरान कई चरण की वार्ता के बाद भी ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है। इनकी मांग है कि मांझा कम्हरिया को कटान से बचाने के लिए बोल्डर लगवाए जाएं। बैंबू स्टड अस्थायी व्यवस्था है और कटान को रोक नहीं पाएंगे। मामले में डीएम अनुपम शुक्ला का कहना है कि बोल्डर लगाने का कार्य एनजीटी के दिशा निर्देश के तहत फ्लड एरिया में नहीं लगाया जा सकता है। बाढ़ पीड़ितों के लिए तीन मंजिला बाढ़ राहत चौकी का निर्माण मांझा कम्हरिया के बंधे के दूसरे तरफ कराया जा रहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष और ग्रामीणों से एनजीटी के नियमों का हवाला देते हुए धरना प्रदर्शन समाप्त करने की अपील भी कर चुके हैं।